Aaj Ka Mausam: दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी पड़ रही है. दिन में तेज धूप खिलने से लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है. वहीं मानसून भी बीते दो हफ्तों से आगे नहीं बढ़ा है. इस बीच मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज देश के 11 राज्यों में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.
मौसम विभाग की मानें तो आज राजधानी दिल्ली, यूपी, बिहार और राजस्थान समेत कई राज्यों में तेज बारिश होने का अनुमान है. मौसम विभाग की मानें तो कुछ राज्यों में अगले 15 घंटों के अंदर 80 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी. इसके साथ ही अगले चाार से पांच दिनों तक भारी बारिश और आंधी-तूफान आने की आशंका है.
दिल्ली-यूपी समेत इन राज्यों में बारिश की आशंका
भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, आज यानी शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और ओडिशा में आज झमाझम बारिश हो सकती है.
दिल्ली में आज कैसे रहेगा मौसम का मिजाज
दिल्ली-एनसीआर में आज यानी 19 से 23 जून तक गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. इस दौरान आसमान में बादलों की आवाजाही लगी रहेगी. साथ ही कई स्थानों पर हल्की बारिश होने की आशंका है. जबकि 22 और 23 जून को मौसम के स्थिर रहने की आशंका है. जबकि आज का अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा.
यूपी-बिहार के इन जिलों में होगी झमाझम बारिश
वहीं उत्तर प्रदेश बिहार के भी कई जिलों में आज भारी बारिश की आशंका है. मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए राजधानी लखनऊ, बाराबंकी, वाराणसी, गाजीपुर, प्रयागराज, कानपुर, सीतापुर, मेरठ, बरेली, पीलीभीत, बिजनौर, हरदोई, बदायूं, बहराइच, गोंडा, बलरामपुर, महोबाल, उन्नाव, कौशांबी, हमीरपुर, चित्रकूट में लू का अलर्ट जारी किया है, लेकिन इस बीच गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की भी संभावना है.
वहीं बिहार की राजधानी पटना में आज गरज चमक के साथ बारिश होने की आशंका है. इसके अलावा सारण, सिवान, गया, शेखपुरा, बेगुसराय, मुंगेर, शेखपुरा, नवादा, कटिहार, गोपालगंज, वेस्ट चंपारण, ईस्ट चंपारण, समस्तीपुर और नालंदा में भी आज गरज चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान 80 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं.
राजस्थान के भी कई जिलों में बारिश का आशंका
मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को राजस्थान के भी कई जिलों में बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान पूर्वी राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है. जबकि पश्चिमी क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश की की संभावना है. इस दौरान उदयपुर जिले के सारड़ा में सबसे अधिक बारिश होने की आशंका है. जबकि दौसा और संगरिया में भी आज मौसम खराब होने की आशंका है.