Pakistan Train Blast: पाकिस्तान के क्वेटा में रविवार सुबह एक बड़ा आतंकी हमला हुआ, जब बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) के मजीद ब्रिगेड के एक आत्मघाती हमलावर ने जाफर एक्सप्रेस ट्रेन को निशाना बनाकर जोरदार विस्फोट कर दिया। धमाका इतना भीषण था कि ट्रेन की एक बोगी पूरी तरह जलकर खाक हो गई। इस हमले में अब तक कम से कम 26 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 70 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. सुरक्षा एजेंसियों ने इसे सुनियोजित फिदायीन हमला करार दिया है।
चमन फाटक के पास हुआ बड़ा विस्फोट
जानकारी के मुताबिक, जाफर एक्सप्रेस ट्रेन क्वेटा कैंट से सैन्य कर्मियों को लेकर जा रही थी। इसी दौरान चमन फाटक के पास रेलवे ट्रैक के नजदीक आत्मघाती हमलावर ने खुद को विस्फोट से उड़ा लिया। धमाके की चपेट में आने से ट्रेन की एक बोगी पूरी तरह नष्ट हो गई और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
कई घर और वाहन भी क्षतिग्रस्त
विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि रेलवे ट्रैक के आसपास मौजूद कई घरों और वाहनों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। चश्मदीदों के मुताबिक, धमाके की आवाज दूर-दूर तक सुनी गई, जिसके बाद इलाके में धुएं का गुबार फैल गया।
राहत और बचाव कार्य जारी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेरकर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। क्वेटा में हुए भीषण विस्फोट की पाकिस्तान के रेल मंत्री ने कड़ी निंदा करते हुए इसे कायराना आतंकवादी हमला बताया है। उन्होंने कहा कि इस तरह के हमले देश के हौसले और राष्ट्रीय संकल्प को कमजोर नहीं कर सकते।
BLA ने ली हमले की जिम्मेदारी
बलूच लिबरेशन आर्मी के प्रवक्ता जीयांद बलूच ने मीडिया को जारी बयान में इस आत्मघाती हमले की जिम्मेदारी ली है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हमले की योजना पहले से तैयार की गई थी और ट्रेन के गुजरने के समय को जानबूझकर चुना गया ताकि अधिकतम नुकसान पहुंचाया जा सके।
जांच एजेंसियां जुटीं
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां विस्फोट के सटीक कारणों और आत्मघाती हमलावर की पहचान से जुड़े सुराग जुटाने में लगी हुई हैं। अधिकारियों के अनुसार, पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और इलाके में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।
पहले हाईजैक भी हो चुकी है यह ट्रेन
यह वही जाफर एक्सप्रेस है, जिसे साल 2025 में पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में बलोच लिबरेशन आर्मी के लड़ाकों ने हाईजैक किया था। मार्च 2025 में क्वेटा से पेशावर जा रही जाफर एक्सप्रेस को बलूचिस्तान के बोलन जिले के दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में रोककर हाईजैक किया गया था। ट्रेन में सवार करीब 400 से ज्यादा यात्रियों को बलोच लड़ाकों ने बंधक बना लिया था। पाकिस्तानी सेना द्वारा 'ऑपरेशन ग्रीन बोलन' चलाकर यात्रियों को छुड़ाने का दावा किया गया था, जिसमें कई जानें भी गई थीं।