थाना सदर बाजार में लखनऊ (Lucknow) की महिला द्वारा 27 साल बाद दर्ज कराई गई सामूहिक दुष्कर्म की शिकायत पर पुलिस ने एक आरोपी मोहम्मद रजी को गिरफ्तार कर लिया। वह हैदराबाद से अपने घर वापस आया था।
आरोपी को इंस्पेक्टर धर्मेंद्र गुप्ता ने ईदगाह के पास से हिरासत में लिया। बता दें कि तीन महीने पहले लखनऊ की एक महिला ने सदर थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। उसने आरोप लगाया था कि 1994 में जब वह शाहजहांपुर में अपनी बहन के साथ रहती थी। उस वक्त महिला की उम्र सिर्फ 12 वर्ष थी। इस दौरान मोहल्ले में रहने वाले मोहम्मद रजी और गुड्डू ने उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया था।
पीड़िता ने बताया कि उसके बाद उसके बहनोई का ट्रांसफर हो गया और वह वहां से चली गई। इस दुष्कर्म के बाद उसने एक बेटे को जन्म दिया और हरदोई के एक दंपती को सौंप दिया। उसके बाद उसने लखनऊ के एक व्यक्ति से शादी कर ली थी, लेकिन जैसे ही उसके पति को उसके बीते हुए कल के बारे में पता लगा उसने उसे छोड़ दिया। इस बीच बेटा भी उनके पास वापस लौटकर आ गया।
अब पूरे 27 साल बाद बेटे के कहने पर पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने डीएनए टेस्ट के आधार पर केस दर्ज आरोपी रजी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है। एक अन्य आरोपी फरार है।