हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र का दूसरा भाग 5 नवंबर से शुरू होगा। इस दौरान लंबित विधेयकों पर चर्चा होगी तथा विधायी कामकाज पूरा किया जाएगा। इस संबंध में आधिकारिक घोषणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने मंगलवार को की। उन्होंने कहा कि उन्हें हरियाणा सरकार की ओर से 5 नवंबर से मानसून का दूसरा भाग शुरू करने की सूचना मिली है। इसलिए इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
गौरतलब है कि हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र 26 अगस्त 2020 को शुरू हुआ था। उस समय प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल, विधान सभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता और बड़ी संख्या में विधायक कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए थे। इसके चलते मानसून सत्र को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया था।