Marco Rubio India Visit: अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो अक्टूबर में भारत के दौरे पर आएंगे। इस यात्रा के दौरान वह मुंबई और गुजरात के जामनगर जाएंगे। यहां उनकी भारतीय अधिकारियों और कारोबारी जगत से जुड़े प्रमुख लोगों के साथ मुलाकात होने की संभावना है। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य भारत और अमेरिका के बीच रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करना और ऊर्जा, व्यापार तथा निवेश के क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाना है।
अमेरिकी विदेश विभाग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, मार्को रुबियो 17 से 22 अक्टूबर के बीच उज्बेकिस्तान और भारत की यात्रा करेंगे। दौरे के पहले चरण में वह उज्बेकिस्तान के समरकंद पहुंचेंगे, जहां विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों के साथ अहम मुद्दों पर चर्चा करेंगे। इसके बाद वह भारत आएंगे। इस साल उनकी यह दूसरी आधिकारिक भारत यात्रा होगी।
ऊर्जा और व्यापार सहयोग पर रहेगा जोर
भारत यात्रा के दौरान मार्को रुबियो की वरिष्ठ भारतीय अधिकारियों के साथ बैठकें प्रस्तावित हैं। इन बैठकों में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाने के साथ ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हो सकती है। इसके अलावा व्यापार, निवेश और आर्थिक साझेदारी को बढ़ावा देने के मुद्दे भी एजेंडे में शामिल रहेंगे। रुबियो भारतीय कारोबारी नेताओं से भी मुलाकात करेंगे। इन बैठकों के जरिए दोनों देशों के बीच कारोबारी अवसरों को बढ़ाने और विभिन्न क्षेत्रों में नए निवेश की संभावनाएं तलाशने पर जोर दिया जाएगा।
भारत से पहले उज्बेकिस्तान जाएंगे रुबियो
भारत पहुंचने से पहले अमेरिकी विदेश मंत्री उज्बेकिस्तान के समरकंद में आयोजित C5+1 मंत्रिस्तरीय बैठक में हिस्सा लेंगे। इस मंच पर अमेरिका के साथ कजाकिस्तान, किर्गिज गणराज्य, ताजिकिस्तान, तुर्कमेनिस्तान और उज्बेकिस्तान के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
बैठक के दौरान मध्य एशियाई देशों के साथ अमेरिका के संबंधों, क्षेत्रीय सहयोग और आर्थिक साझेदारी से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी। रुबियो इन देशों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अलग-अलग द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे। इस यात्रा में 200 से अधिक कारोबारी नेताओं वाला अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल भी शामिल होगा, जिसका उद्देश्य मध्य एशिया में व्यापार और निवेश के अवसरों को बढ़ाना है।
भारत-अमेरिका संबंधों के लिहाज से अहम दौरा
मार्को रुबियो की भारत यात्रा ऐसे समय हो रही है, जब दोनों देश रक्षा, सूचना प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य सेवा और ऊर्जा सहित कई क्षेत्रों में सहयोग को विस्तार देने पर जोर दे रहे हैं। भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने भी हाल ही में दोनों देशों के बीच मजबूत होते संबंधों का उल्लेख किया था। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच हुई बातचीत का जिक्र करते हुए भारत को अमेरिका का एक महत्वपूर्ण साझेदार बताया था। रक्षा क्षेत्र में दोनों देशों की सेनाओं के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास और अन्य सहयोग भी द्विपक्षीय रिश्तों का अहम हिस्सा हैं। ऐसे में रुबियो की आगामी यात्रा से भारत-अमेरिका के रणनीतिक, आर्थिक और ऊर्जा संबंधों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।