भारत में सबसे ज्यादा कोरोना वायरस के मामले महाराष्ट्र में है। यहां कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा लगातार तेजी से बढ़ रहा है। इसी कड़ी में अब उद्धव ठाकरे सरकार में पब्लिक वर्क्स डिपार्टमेंट (पीडब्ल्यूडी) मंत्री अशोक चव्हाण कोरोना की चपेट में आ गए हैं। बता दें कि वह महाराष्ट्र सरकार में दूसरे कोरोना संक्रमित मंत्री हैं। इससे पहले एनसीपी कोटे से मंत्री जितेंद्र अव्हाड़ संक्रमित हुए थे।
बताया जाता है कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मुंबई से मराठवाड़ा स्थित अपने गृह जिले की नियमित यात्रा करते थे। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि कुछ दिन पहले अशोक चव्हाण को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया था। पहले उन्हें होम क्वारंटाइन रखा गया था और अब नांदेड़ के अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर है। वही, उन्हें इलाज के लिए मुंबई शिफ्ट करने की तैयारियां चल रही हैं।
बता दें कि महाराष्ट्र में जानलेवा कोरोना वायरस की वजह से दिन पर दिन स्थिति बिगड़ती जा रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, यहां कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 50 हजार के पार चली गई है। राज्य में अब तक 14600 लोग कोरोना मुक्त हुए हैं, जबकि 1635 लोगों की जान जा चुकी है।