हरियाणा में सरकार बनाने के लिए समर्थन देने वाले आजाद उम्मीदवारों को भाजपा ने धीरे-धीरे अडजस्ट करना शुरू कर दिया है। चुनाव जीतकर आए 7 आजाद उम्मीदवारों में से 4 को निगम और बोर्डों का चेयरमैन नियुक्त कर दिया गया है। चेयरमैन बनाए गए 4 विधायक भाजपा के ही बागी हैं, जो सीट न मिलने पर आजाद चुनाव में खड़े हो गए थे।
हरियाणा सरकार ने तत्काल प्रभाव से चरखी दादरी के विधायक सोमवीर सांगवान को हरियाणा पशुधन बोर्ड का चेयरमैन नियुक्त किया है। पृथला के विधायक नयनपाल रावत को हरियाणा भण्डारगार निगम का चेयरमैन नियुक्त किया गया है। पूंडरी से आजाद विधायक रणधीर सिंह गोलन को हरियाणा पर्यटन निगम का चेयरमैन नियुक्त किया गया है। नीलोखेड़ी से आजाद विधायक धर्मपाल गोंदर को हरियाणा वन विकास निगम का चैयरमेन नियुक्त किया गया है।
सरकार ने आजाद विधायक रणजीत सिंह को पहले ही बिजली मंत्री बना दिया था। इसके बाद अब 4 विधायकों को बोर्ड और निगम का चेयरमैन बना दिया है। 7 आजाद विधायकों में से 5 को अडजस्ट कर दिया गया है, अब महज 2 आजाद विधायक बचे हैं, जिन्हें कोई पद नहीं मिला है। इसमें महम विधायक बलराज कुंडू और बादशाहपुर से विधायक राकेश दौलताबाद शामिल हैं।