हिमाचल प्रदेश के पूर्व आयुर्वेद मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता मोहन लाल का शुक्रवार को निधन हो गया। जालंधर के एक निजी अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। वह काफी समय से अस्वस्थ चल रहे थे। मोहन लाल का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार शनिवार को रावी नदी के किनारे स्थित श्मशानघाट में किया जाएगा। उनके निधन से प्रदेश व जिला भाजपा में शोक की लहर दौड़ गई है।
बता दें कि मोहन लाल चंबा के राजनगर (अब चुराह) से चार बार विधायक चुने गए थे। उन्होंने पहला चुनाव 1977 में लड़ा था। 1998 से 2003 तक प्रेम कुमार धूमल की सरकार में आयुर्वेद मंत्री का जिम्मा संभाला। राजनीति में आने से पहले वह स्वास्थ्य विभाग में बतौर क्लर्क तैनात थे।
चंबा जिला में भाजपा को मजबूत बनाने में मोहन लाल ने अहम योगदान दिया था। वही, पूर्व मंत्री मोहन लाल के निधन पर राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, सांसद किशन कपूर सहित कई मंत्रियों ने गहरा दुख प्रकट किया है।