IYC Protest at AI Impact Summit: एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आज उग्र प्रदर्शन किया। दिल्ली पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी करने वाले कार्यकर्ताओं को प्रदर्शन के दौरान अपनी शर्ट उतारे भी देखा गया। भारत और अमेरिका के बीच अंतरिम व्यापार समझौते को लेकर उग्र विरोध कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भारत मंडपम के अलग-अलग पवेलियन में जाकर प्रदर्शन करते देखा गया। मौके पर मुस्तैद दिल्ली पुलिस के जवानों ने प्रदर्शन और नारेबाजी कर रहे कार्यकर्ताओं को एहतियातन हिरासत में लेकर शिखर सम्मलेन के आयोजन से दूर किया।
देश की अस्मिता से कोई समझौता नहीं- भारतीय युवा कांग्रेस
वहीं, सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में भारतीय युवा कांग्रेस ने लिखा- जब विदेश नीति में झुकाव, कॉरपोरेट दबाव और चुप्पी हावी हो… तो साफ है, पीएम मोदी कॉम्प्रोमाइज्ड हैं!! इसी सच्चाई को बेनकाब करने भारतीय युवा कांग्रेस के जाबांज कार्यकर्ता एआई समिट पहुंचे और 'कॉम्प्रोमाइज्ड पीएम' के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया! देश की अस्मिता से कोई समझौता नहीं! इंकलाब जिंदाबाद।
भाजपा ने बताया देश विरोधी कृत्य
भारतीय युवा कांग्रेस की प्रदर्शन पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा- यह एक देश विरोधी कृत्य है और देश की जनता इनको जवाब देगी।