मिस्र (Egypt) में 4500 साल पुराने एक मंदिर की खोज की गई है, जो कि खोए हुए सूर्य के चार मंदिरों में से एक बताया जा रहा है। इसकी पुष्टि करते हुए मिस्र के पुरातत्वविदों (Egyptian archaeologists) ने कहा कि मिट्टी की ईंट से बनी यह इमारत मिस्र के पांचवें राजवंश के खोए हुए चार सूर्य मंदिरों में से एक है। मिस्र का पांचवां राजवंश 2465 से 2323 ईसा पूर्व तक रहा था।
उन्होंने कहा, इन मंदिरों के बारे में केवल ऐतिहासिक स्रोतों में देखने को मिलता है, जो अभी तक मिले नहीं हैं। वहीं, इमारत का एक हिस्सा अपना मंदिर बनाने के लिए पांचवें राजवंश के छठे शासक ने ध्वस्त कर दिया था। खुदाई करने वाली टीम को जमीन के नीचे मिट्टी के बर्तन भी मिले हैं।
इतना ही नहीं खुदाई में पांचवें राजवंश के राजाओं के नाम वाले कुछ स्टांप भी मिले हैं। 19वीं शताब्दी में पहला सूर्य मंदिर मिला था। इसके बाद हुई यह खोज बहुत महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पुरातत्वविदों के अनुसार, मिस्र में ऐसे ही छह या सात मंदिर थे, जिनमें से अभी तक केवल दो ही मिल पाए हैं।