हरियाणा सरकार और रोडवेज कर्मचारियों के बीच तनाव दिन प्रति दिन बढ़ता ही जा रहा है जिसके चलते चक्का जाम में शामिल 1628 प्रोबेशन चालकों को परिवहन विभाग ने नौकरी से निकालने की तैयारी कर ली है।
मामले में परिवहन मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने सेवाएं भंग करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सरकार की कार्रवाई के विरोध में हरियाणा रोडवेज कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति ने भी आंदोलन का एलान कर दिया है। कृष्ण लाल के आदेशानुसार अगर परिवहन मुख्यालय प्रोबेशन चालकों की सेवाएं भंग करता है तो उसी समय पूरे प्रदेश में फिर से रोडवेज बसों का चक्का जाम कर दिया जाएगा।
संघर्ष समिति की अगुवाई में कल रोडवेज कर्मी सभी जिलों में विरोध प्रदर्शन करेंगे। बता दें 8 अगस्त को समिति के पदाधिकारियों ने हड़ताल की समीक्षा भी की। इसमें सरकार के निर्णय पर कड़ा रोष प्रकट किया गया।
वहीं समिति के सदस्य इंद्र सिंह बधाना, सरबत सिंह पूनिया और पहल सिंह तंवर ने बताया कि कर्मचारियों में सरकार के प्रति गुस्सा है। फतेहाबाद डिपो में भी कर्मचारियों का उत्पीड़न किया जा रहा है। चक्का जाम की अगुवाई कर रहे कर्मचारी नेताओं पर कार्रवाई की मुख्यालय से सिफारिश की गई है।