हरियाणा विधानसभा चुनाव में सभी पार्टिया जोर-शोर से प्रचार में लगी हुई है और आज सीएम मनोहर लाल ने झज्जर के बेरी में विशाल जनसभा को संबोधित किया। उन्होने कहा 5 साल पहले हरियाणा के प्रति जनता का जो उत्साह और स्नेह था वो आज दोगुना हो गया है, जिसकी ख़ास वजह हमारी सरकार द्वारा साफ नीयत से प्रदेश में विकास कार्य किए हैं।
हमारी सरकार की पिछले 5 वर्षों की उपलब्धियां जनता के सामने हैं। इस कार्यकाल के दौरान नगर निकायों से लेकर जींद उपचुनाव तक जनता का समर्थन और आशीर्वाद मिला। जींद के लोगों ने तो कांग्रेस नेता को पटखनी देकर एक नया मोड़ ही ला दिया। आमतौर पर चुनाव से 10 दिन पहले पता चल जाता है कि किसकी सरकार बनेगी, लेकिन इस बार हरियाणा की जनता ने 6 महीने पहले ही सोच लिया था कि प्रदेश में किसकी सरकार बनेगी।
पहले सत्ता का राज थाने और कोर्ट कचहरी से चलता था, लेकिन हमने सत्ता में आने के बाद जनता से सीधा संवाद किया। हमारा ये मानना था कि हमारे और जनता के बीच कोई नहीं होना चाहिए। पिछली सरकार में ऊपर से 1 रुपया भेजते थे तो नीचे केवल 15 पैसे पहुंचते थे बाकि के 85 पैसे भ्रष्टाचार की चुंगी लगाए हुए लोग खा जाते थे। हमने पारदर्शिता को सुनिश्चित किया। अब अगर ऊपर से 1 रु. भेजते हैं तो नीचे तक पूरा 1 रु. पहुंचता है।
जब माता की बात आती है तो हम 'भारत माता' की जय बोलते हैं लेकिन कांग्रेसी 'सोनिया माता' की जय बोलते हैं। कांग्रेस पार्टी के तो खुद के नेता ही उन पर 5-5 करोड़ रु. में टिकट बेचने का आरोप लगा रहे हैं कोई दूसरा भला क्या कहेगा। हमारी सरकार ने बिना किसी भेदभाव के हर वर्ग के लिए काम किया है। भाजपा सरकार जनता से सीधा संवाद करती है। हमारी सरकार का लक्ष्य है भ्रष्टाचार मुक्त विकास। हमारी सरकार में कमीशनखोरी को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।