हरियाणा की राजनीति में उठापठक जारी है। दुष्यंत चौटाला ने अपने ही चाचा अभय सिंह चौटाला का तख्तापलट कर दिया। पूर्व सांसद दुष्यंत चौटाला जननायक जनता पार्टी के संरक्षक हैं, जबकि अभय सिंह चौटाला इनेलो विधायक दल के नेता। विधानसभा के मानसून सत्र के बाद जजपा समर्थक चारों विधायकों ने एक बैठक कर अभय सिंह चौटाला को इनेलो विधायक दल के नेता पद से हटा दिया।
राजदीप फौगाट को इनेलो विधायक दल का नया नेता चुना गया है, जबकि विधायक अनूप धानक को चीफ व्हिप बनाया गया है। इस बैठक में राजदीप फौगाट, अनूप धानक, दुष्यंत चौटाला की माता नैना सिंह चौटाला और पिरथी नंबरदार के शामिल होने का दावा करते हुए फैसले से विधानसभा सचिवालय को भी अवगत करा दिया गया है।
विधानसभा अध्यक्ष के नाम भेजी गई चिट्ठी में अनूप धानक ने कहा कि अब समस्त विधायी कार्यों और पत्राचार में राजदीप फौगाट और उन्हें शामिल किया जाए। इनेलो राज्य का प्रमुख विपक्षी दल था, लेकिन पारिवारिक लड़ाई के कारण इसमें विघटन पैदा हो गया। इनेलो के पास कभी 19 विधायक हुआ करते थे। दो विधायकों डा. हरिचंद मिढा तथा स. जसविंद्र सिंह संधू का निधन हो गया, जबकि 10 विधायक भाजपा में शामिल हो चुके हैं। वहीं चार विधायक जजपा का समर्थन कर रहे हैं। अभय सिंह चौटाला के साथ अब विधायक वेद नारंग और ओमप्रकाश बड़वा बचे हैं। इस पूरे घटनाक्रम पर अभी विधानसभा स्पीकर और अभय सिंह चौटाला की टिप्पणी आनी बाकी है।