जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटने के बाद पहली बार केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हरियाणा के जींद दौरे पर है। वह आज राज्यसभा सदस्य और पूर्व केंद्रीय मंत्री चौ. बीरेंद्र सिंह के बुलावे पर हरियाणा आ रहे हैं। अमित शाह जींद की जाट बांगर बेल्ट से आज रैली को संबोधित करेंगे और इसमें हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए बिगुल बजाएंगे।
शुक्रवार को बीरेंद्र सिंह को भाजपा में शामिल हुए पूरे पांच साल हो जाएंगे। रैली में जींद की धरती से शाह कोई बड़ा राजनीतिक संदेश दे सकते हैं, इसका असर हरियाणा में अक्टूबर में होने वाले विधानसभा चुनाव पर पडऩा तय है। पांच साल पहले अमित शाह ने ही बीरेंद्र सिंह को जींद में भाजपा में शामिल कराया था। अब पांच साल बाद बीरेंद्र सिंह भाजपा के शीर्ष नेतृत्व खासकर मोदी और शाह की जोड़ी के प्रति कृतज्ञता जाहिर करने के लिए रैली कर रहे हैं। इसके पीछे उनका राजनीतिक एजेंडा भी है।
भाजपा की आस्था रैली के जरिये अमित शाह लगे हाथ हरियाणा में चुनावी बिगुल बजाकर जाएंगे। रैली में मुख्यमंत्री मनोहर लाल अपनी पांच साल की सरकार का रिपोर्ट कार्ड पेश करेंगे। जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटने के बाद चल रही प्रतिक्रियाओं के बीच अमित शाह जींद की धरती से कोई बड़ा राजनीतिक संदेश भी दे सकते हैं।